स्कूल में ताले लटकने के मामले ने पकड़ा तूल, अब कलेक्टर स्तर तक पहुंचेगी शिकायत
रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप/औबेदुल्लागंज रायसेन
मंडीदीप क्षेत्र के शासकीय स्कूल सिमरोदा में शिक्षकों की कथित लापरवाही का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। स्कूल में ताले लटकने और शिक्षकों की अनुपस्थिति का मामला अब जिला शिक्षा केंद्र रायसेन तक पहुंच गया है, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में अव्यवस्था और शिक्षकों की लापरवाही सामने आने के बाद संकुल प्राचार्य द्वारा संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के जवाब में शिक्षकों ने अपना पक्ष लिखित रूप में प्रस्तुत किया, जिसे चिकलोद संकुल प्रभारी द्वारा जिला शिक्षा केंद्र रायसेन भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी डी.डी. रजक ने पुष्टि करते हुए कहा कि चिकलोद संकुल से संबंधित पत्र प्राप्त हो चुके हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शिक्षकों की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम से रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि मामले में कठोर और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होनी चाहिए। स्कूल में ताले लटकना न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि जिम्मेदार कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या ठोस कदम उठाते हैं और लापरवाही बरतने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।