भगवान बुद्ध के शांति और मानवता के संदेश को बताया प्रासंगिक
रायसेन।मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन रायसेन एवं महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से सांची स्थित बुद्ध जन्मभूमि पार्क (पुराना विश्राम भवन परिसर) में आयोजित दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का शनिवार को शुभारंभ हुआ। सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, महाबोधि सोसायटी श्रीलंका के प्रमुख श्री वानगल उपतिस्स नायक थेरो एवं कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी वर्चुअली जुड़कर महोत्सव में शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

राज्यमंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध का शांति और मानवता का संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। विश्व के अनेक देशों में युद्ध और संघर्ष की स्थिति के बीच भगवान बुद्ध का शांति का संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि मानवता के लिए जियो और जीने दो का विचार समाज को शांति एवं सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

वहीं सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर ही विश्व में शांति और सद्भाव की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव के माध्यम से सांची की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही भगवान बुद्ध के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया जा रहा है।

महोत्सव में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया तथा महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के प्रमुख श्री वानगल उपतिस्स नायक थेरो ने भी संबोधित किया। उन्होंने महोत्सव के महत्व तथा भगवान बुद्ध के विचारों और उनके शांति, करुणा एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्री पप्पू रेवाराम अहिरवार, एसपी श्री आशुतोष गुप्ता तथा जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी भी उपस्थित रहे।

महोत्सव के प्रथम दिवस श्रीलंका के कलाकारों द्वारा लोकनृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां दी गई। साथ ही पंचशील सांस्कृतिक मंच, अशोक पाटिल, भोपाल के निर्देशन में नृत्य एवं गायन की प्रस्तुति दी गई। महोत्सव में मुंबई की सुविख्यात गायिका सायली कांबले एवं समूह द्वारा बौद्ध एवं भक्ति गायन की सुरमयी प्रस्तुति दी गई। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रथम संध्या में बौद्ध परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और लोककलाओं के रंग एक साथ देखने को मिले।
