सुल्तानगंज अस्पताल की खुली पोल! प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, न डॉक्टर मिले न नर्स,अस्पताल की गैलरी में हुआ प्रसव
सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
मध्यप्रदेश सरकार हर गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और घर के नजदीक उपचार उपलब्ध कराने के दावे करती है। लेकिन रायसेन जिले के सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर इन दावों की जमीनी हकीकत उजागर कर रही है।
यहां रात में प्रसव पीड़ा से तड़पती एक गर्भवती महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि मौके पर न डॉक्टर थे और न ही प्रसव कराने के लिए स्टाफ नर्स। हालात ऐसे बने कि अस्पताल की गैलरी में ही परिजनों को महिला का प्रसव कराना पड़ा।
सवाल यह है कि जब सरकारी अस्पताल में ही सुरक्षित प्रसव की सुविधा नहीं मिलेगी, तो ग्रामीण महिलाएं आखिर जाएं कहां? करीब सवा लाख की आबादी और 100 गांवों की स्वास्थ्य सेवाओं का जिम्मा संभालने वाले इस अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर यह विशेष रिपोर्ट
रायसेन जिले के सुल्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आई यह घटना सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है।

मामला ग्राम मरखेड़ा गुलाब का है। यहां के निवासी खुमान अहिरवार अपनी पत्नी विमला अहिरवार को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल पहुंचाना चाहते थे।परिजनों के मुताबिक, पहले 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन करीब दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरी में निजी वाहन से महिला को अस्पताल लाया गया।
लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद भी परिवार की परेशानी खत्म नहीं हुई। आरोप है कि उस समय अस्पताल में केवल दो वार्ड बॉय मौजूद थे। प्रसव कराने के लिए न स्टाफ नर्स थी और न ही डॉक्टर।जिस अस्पताल में सुरक्षित प्रसव होना चाहिए था, वहां परिजन इलाज और मदद के लिए भटकते रहे।
सबसे गंभीर स्थिति तब बनी, जब महिला की प्रसव पीड़ा लगातार बढ़ने लगी। अस्पताल में प्रशिक्षित प्रसव कर्मी की अनुपस्थिति के चलते महिला की देवरानी ने ही प्रसव के दौरान उसे संभाला और अस्पताल की गैलरी में बच्चे का जन्म हुआ।
सोचिए, जिस जगह गर्भवती महिला को चिकित्सकीय निगरानी और सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिलनी चाहिए थी, वहां परिजन खुद ही हालात से जूझने को मजबूर थे। कुछ समय बाद चिकित्सक अस्पताल पहुंचे। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अगर इस दौरान जच्चा या बच्चा की जान पर बन आती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?यह कोई छोटी-मोटी अव्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर समस्या की तस्वीर है।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, सुल्तानगंज अस्पताल में महज एक स्टाफ नर्स पदस्थ है। करीब 100 गांवों और सवा लाख की आबादी की स्वास्थ्य सेवाओं का भार संभालने वाले अस्पताल में यदि रात के समय प्रसव कराने के लिए पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध नहीं है, तो यह स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

आखिर स्टाफ की कमी दूर करने की जिम्मेदारी किसकी है? स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी क्या अस्पतालों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी नहीं करते? क्या अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों में रात के समय उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक जानकारी है।
अब इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग का पक्ष भी महत्वपूर्ण है। अस्पताल में स्टाफ की कमी, रात में ड्यूटी की व्यवस्था और प्रसव सेवाओं को लेकर क्या स्थिति है, इस पर चिकित्सकीय पक्ष भी सामने आया हैं।
इस घटना ने सरकार के सुरक्षित मातृत्व और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावों की जमीनी हकीकत सामने ला दी है।
एक तरफ सरकार गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण अस्पताल में प्रसव के समय नर्स और डॉक्टर की उपलब्धता तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही।
सवाल सीधे स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से है—
– सुल्तानगंज अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति कब होगी?
– रात में प्रसव कराने के लिए प्रशिक्षित नर्स और डॉक्टर की उपलब्धता कौन सुनिश्चित करेगा?
– दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने के मामले की जांच कौन करेगा?
– आखिर इस गंभीर लापरवाही की जवाबदेही किस अधिकारी की तय होगी?
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर नाराजगी है। वे स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं और आंदोलन की तैयारी में हैं।
अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस घटना को महज एक शिकायत मानकर फाइलों में दबा देता है या जिम्मेदारों की जवाबदेही तय कर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराता है।क्योंकि सवाल सिर्फ एक महिला के प्रसव का नहीं, बल्कि सवा लाख ग्रामीणों की जिंदगी और स्वास्थ्य सुरक्षा का है।