Let’s travel together.

धान की कटाई शुरू, समर्थन मूल्य पर उपज बेचने की तैयारी में जुटे किसान

0 4

कहीं खेतों में चल रही कटाई तो कहीं हो रही थ्रेसिंग, मजदूरों की कमी बनी परेशानी

पिछले साल के मुकाबले धान के दाम 1000 से 1500 रुपए तक अधिक मिलने की उम्मीद

मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन

दीवानगंज क्षेत्र में धान की फसल पककर तैयार होने के साथ ही कटाई का दौर शुरू हो गया है। किसान खेतों में पहुंचकर फसल काटने और थ्रेसिंग करने में जुट गए हैं। वहीं समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तारीख नजदीक आने के चलते किसान अपनी उपज को साफ कर बेचने की तैयारी भी कर रहे हैं। शनिवार को दीवानगंज सहित आसपास के गांवों में कहीं किसान खेतों में धान की कटाई करते नजर आए तो कहीं थ्रेसिंग का काम चलता रहा।

सांची विकासखंड के दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, जमुनिया, कायमपुर, बरजोरपुर, नरखेड़ा, मुस्काबाद, सत्ती, बांसिया, पिपरई और मुनारा सहित दो दर्जन से अधिक गांवों में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है। जिन किसानों ने पहले बोवनी की थी, उन्होंने कटाई शुरू कर दी है, जबकि देरी से बोवनी करने वाले किसानों की फसल अभी पूरी तरह नहीं पकी है। किसानों का कहना है कि इस महीने के अंत तक अधिकांश खेतों में कटाई का काम पूरा होने की उम्मीद है।

1 दिसंबर से शुरू होगी धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश में धान, ज्वार और बाजरा उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धान की सरकारी खरीदी 1 दिसंबर 2026 से 20 जनवरी 2027 तक होगी। वहीं ज्वार और बाजरा की खरीदी 23 नवंबर से 23 दिसंबर तक निर्धारित है। क्षेत्र के किसानों ने समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए पंजीयन कराया है। ऐसे में किसान खरीदी शुरू होने से पहले ही अपनी फसल की कटाई और सफाई पूरी करने में जुटे हैं।

पिछले साल से 1000 से 1500 रुपए तक अधिक मिल रहे दाम

किसानों के मुताबिक इस बार बाजार में धान की किस्म और गुणवत्ता के अनुसार 4500 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार धान के दाम करीब 1000 से 1500 रुपए प्रति क्विंटल तक अधिक मिल रहे हैं। बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में किसान अपनी उपज को सुरक्षित रखने और सही समय पर बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

मजदूरों की कमी से छोटे किसान परेशान

एक ओर फसल कटाई का काम तेजी से चल रहा है, वहीं दूसरी ओर कृषि कार्य के लिए मजदूरों की कमी किसानों के सामने बड़ी समस्या बन रही है। मजदूर नहीं मिलने के कारण कई किसान परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर धान की थ्रेसिंग कर रहे हैं। बड़े किसान हार्वेस्टर की मदद से फसल कटवा रहे हैं, लेकिन छोटे किसानों को मजदूरों की कमी के चलते कटाई और थ्रेसिंग में देरी का सामना करना पड़ रहा है।

बरजोरपुर के किसान भैयालाल साहू और मुकेश मीणा ने बताया कि फसल सूखकर तैयार हो चुकी है, लेकिन जरूरत के अनुसार मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इस कारण समय पर थ्रेसिंग कराना मुश्किल हो रहा है। वहीं कृषक नवल सिंह मीणा, मानसिंह लोधी और जसवंत सिंह लोधी ने बताया कि पहले बोवनी करने वाले किसानों ने कटाई शुरू कर दी है, जबकि देर से बोवनी करने वालों की फसल अभी पकने का इंतजार कर रही है। मौसम में लगातार बदलाव के बीच किसान जल्द से जल्द अपनी उपज सुरक्षित करने में जुटे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का भव्य शुभारंभ     |     भोपाल-विदिशा हाईवे पर हादसों का सिलसिला जारी, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार     |     अंबाडी में नल-जल योजना की मोटर जली, दो से तीन दिन पानी की सप्लाई प्रभावित; ग्रामीण परेशान     |     धान की कटाई शुरू, समर्थन मूल्य पर उपज बेचने की तैयारी में जुटे किसान     |     सुल्तानगंज अस्पताल की खुली पोल! प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, न डॉक्टर मिले न नर्स,अस्पताल की गैलरी में हुआ प्रसव     |     सप्त ऋषिराजों का पिच्छिका परिवर्तन समारोह 29नवंबर को     |     170 मंडलीय समवशरण विधान प्रारंभ ,अजित चक्रवर्ती, अनिल नैनधरा सौधर्म इंद्र बने     |     11 बग्गियों में सजेगी शाही बारात, एक ही मंडप में गूंजेंगे 11 जोड़ों के विवाह मंत्र     |     भारतीय मजदूर संघ का आठवाँ त्रिवार्षिक जिला अधिवेशन सम्पन्न     |     मध्य प्रदेश लेखक संघ की बैठक में आगामी प्रांतीय कार्यक्रम और सदस्यता अभियान पर बनी रणनीति     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811