रायसेन। मध्य प्रदेश लेखक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक संघ के कोषाध्यक्ष श्री संतोष नामदेव के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में श्री हरि वृद्ध आश्रम में स्वर्गीय श्री जगदीश श्रीवास्तव की स्मृति में आयोजित साहित्यिक गोष्ठियों के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। इस अवसर पर सभी साहित्यकारों एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र गट्टानी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में आगामी 3 जनवरी को आयोजित होने वाले प्रांतीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक साहित्यकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। साथ ही वर्षभर संघ द्वारा आयोजित गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रांत को भेजने और संघ की सदस्यता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संघ के संरक्षक श्री गोविंद देवलिया, अध्यक्ष डॉ. परमानंद मिश्रा, उपाध्यक्ष श्री नंदकिशोर तिवारी एवं श्री शिवकुमार तिवारी सहित सम्मानित सदस्य श्री वीरेंद्र कुमार जैन, श्री राजेंद्र श्रीवास्तव, श्री अशोक खरे और श्री प्रदीप जैन पारस सहित अन्य साहित्यकार उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन श्री शिवकुमार तिवारी ने किया, जबकि अंत में संघ के कोषाध्यक्ष श्री संतोष नामदेव ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।