सामाजिक समरसता की मिसाल बनेगा भोपाल का सामूहिक विवाह समारोह
वरिष्ठ नागरिक मंच कलार समाज एवं एलएनसीटी समूह की अनूठी पहल 29 नवंबर को 11 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों से बंधेंगे परिणय सूत्र में
राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक हस्तियां देंगी नवदंपतियों को आशीर्वाद
भोपाल। विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों और सामाजिक रिश्तों को जोड़ने वाला पवित्र संस्कार है। इसी संस्कार को सामाजिक सहयोग, समानता और सेवा भावना से जोड़ते हुए वरिष्ठ नागरिक मंच कलार समाज, एवं एलएनसीटी समूह के संयुक्त तत्वाधान में 29 नवंबर 2026, रविवार को पंचम निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। संरक्षक श्रीमती पूनम जयनारायण चौकसे ने बताया कि यह विवाह समारोह सामाजिक समरसता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरक संदेश देगा। समारोह में 11 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। सभी 11 जोड़ों का पंजीयन पूरा हो चुका है।
11 सजी-धजी बग्गियों में निकलेगी शाही बारात, डीजे और ढोल-नगाड़ों पर थिरकेंगे परिजन
श्रीमती पूनम जयनारायण चौकसे ने बताया कि समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण 11 दूल्हों की सजी-धजी बग्गियों के साथ निकलने वाली भव्य बारात होगी। बारात कलचुरी सेना परिवार के अध्यक्ष कौशल राय के नेतृत्व में रविवार सुबह 9 बजे जनमासे से 11 बग्गियों में सवार दूल्हे बारात लेकर आयोजन स्थल की ओर प्रस्थान करेंगे। इस दौरान आयोजकों के साथ दूल्हा-दुल्हन के परिवारजन, रिश्तेदार और समाजबंधु डीजे, बैंड, ढोल और नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते बारात की खुशियों में शामिल होंगे। पारंपरिक विवाह उत्सव का यह सामूहिक उल्लास समारोह को यादगार बनाएगा। आयोजन स्थल पर द्वाराचार की रस्म के साथ बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा।
एक साथ वरमाला, एक ही मंडप में होंगे 11 जोड़ों के विवाह संस्कार
बारात के स्वागत के बाद सभी 11 जोड़ों का एक साथ वरमाला कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान और उनके उद्बोधन का कार्यक्रम होगा। फिर एक ही मंडप में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों के फेरे सहित विवाह की संपूर्ण रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई जाएंगी। एक ही मंडप में 11 जोड़ों का विवाह सामाजिक एकता, सामूहिक सहयोग और भारतीय वैवाहिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत करेगा।
विवाह संस्कार संपन्न होने के बाद सभी अतिथियों, परिजनों और समाजबंधुओं के लिए सामूहिक भोज का आयोजन होगा। अंत में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं उपहार सामग्री भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत खुशियों और समाज के सहयोग के साथ कर सकें।
राष्ट्रीय एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां रहेंगी उपस्थित
माडिया प्रभारी राजेश राय ने बाताया कि समारोह में अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन श्री जय नारायण चौकसे, मंच की संरक्षक श्रीमती पूनम चौकसे, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, भाजपा प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय तथा पार्षद श्री राजेश चौकसे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में तेलंगाना गौड संगम, हैदराबाद के संस्थापक एवं वर्तमान अध्यक्ष श्री लक्ष्मण राव पिल्लै गौड, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता एवं ‘गब्बर रिटर्न्स’ फेम श्री सुमन तलवार (कर्नाटक), स्वामी श्री हीरानंद महाराज, स्वामी श्री पूर्णानंद सरस्वती महाराज, संत श्री विनोद शास्त्री (हाथरस) तथा एसडीएम श्रीमती निधि चौकसे सहित सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी हस्तियां शामिल होंगी। समारोह की अध्यक्षता श्री जय नारायण चौकसे करेंगे।
आर्थिक बोझ कम करने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास
वरिष्ठ नागरिक मंच कलार समाज की यह पहल विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को दिखावे और अनावश्यक खर्चों से अलग रखते हुए सामूहिक सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करती है। सामूहिक विवाह से परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने, जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक सहयोग देने और समाज के लोगों को एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनाने का अवसर मिलता है। यह आयोजन संदेश देता है कि विवाह की वास्तविक सुंदरता भव्य खर्चों में नहीं, बल्कि संस्कार, पारिवारिक आत्मीयता और सामाजिक आशीर्वाद में निहित है।
आयोजन की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना आई.डी. राय और संरक्षक श्रीमती पूनम जयनारायण चौकसे के नेतृत्व में मंच के पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंच ने समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और स्वजातीय बंधुओं से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।
समाज के सहयोग से बनेगा 11 परिवारों के नए जीवन का यादगार शुभारंभ
29 नवंबर को आयोजित होने वाला यह पंचम निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल 11 जोड़ों के विवाह का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सहयोग, समानता और मानवीय संवेदनाओं का उत्सव होगा। शाही बारात, सामूहिक वरमाला, वैदिक विवाह संस्कार, सामूहिक भोज और उपहारों के साथ विदाई की परंपरा इस आयोजन को विशेष बनाएगी। समाज के सामूहिक आशीर्वाद के बीच 11 नवदंपति अपने वैवाहिक जीवन की नई यात्रा प्रारंभ करें
गे।