15 दिन से ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा, जब हाईवे पर दुर्घटना न हो; रोजाना 12 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं, हादसों के बाद बार-बार लग रहा जाम
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब 40 किलोमीटर के मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे भोपाल से विदिशा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार सड़क पर चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। और एक तरफ की हेडलाइट फूट गई। कार चालक और ट्रक ड्राइवर में काफी देर तक बहस होती रही। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बन गई।
पिछले 15 दिनों से हाईवे पर लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा, जब इस मार्ग पर हादसा न हो। एक दिन पहले ही बालमपुर घाटी में तेज रफ्तार कार पुलिया से टकरा गई थी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क के बीच खड़ी रहने के कारण करीब 2 से 3 घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान यात्री बसों, कारों, ट्रकों और दोपहिया वाहनों सहित सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंसे रहे।
हादसों के बाद बार-बार लग रहा जाम
हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण वाहन चालकों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर हादसों में वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं दूसरी ओर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़े रहने से लंबा जाम लग जाता है। इससे हजारों यात्रियों और वाहन चालकों का समय बर्बाद हो रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन 12 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद लगातार हो रहे हादसों और यातायात बाधित होने की समस्या से वाहन चालकों को राहत नहीं मिल पा रही है।