सागर। निर्यापक मुनि श्री अभय सागर महाराज ने प्रवचन में बताया 170 मंडलों का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व, हजारों श्रद्धालुओं को विधान की जानकारी दी।
समवशरण विधान के अंतर्गत आयोजित 170 मंडलीय विधान के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। विधान में चक्रवर्ती के रूप में अजित जैन कंदवा एवं श्रीमती सपना जैन, सौधर्म इंद्र के रूप में अनिल प्रकाश जैन नैनधरा, कुबेर के रूप में विदित विनोद जैन, महायज्ञ नायक के रूप में नितिन कैलाश सीहोरा, यज्ञनायक के रूप में नीति संदीप जैन सीए तथा ईशान इंद्र के रूप में श्रीमती शिवानी आर्यन जैन सहित अन्य प्रमुख पात्रों ने अपनी धार्मिक भूमिकाओं का निर्वहन किया।
विधान के प्रथम दिन भगवान के चरणों में विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ अर्घ समर्पित किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर निर्यापक मुनि श्री अभय सागर महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को 170 मंडलीय समवशरण विधान के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 170 मंडलीय विधान का विशेष महत्व है। जैन धर्म के तीसरे तीर्थंकर और चौथे काल के प्रथम तीर्थंकर भगवान श्री अजितनाथ के समवशरण में 170 मंडल बने थे, जिसका उल्लेख प्राचीन आगम ग्रंथों में मिलता है। इसी आधार पर 170 मंडलीय विधान का आयोजन किया जाता है।
मुनिश्री ने कहा कि इस पवित्र विधान में शामिल होने का अवसर मिलना भी बड़े पुण्य का फल है। विधान में जो श्रद्धालु भाग ले रहे हैं, वे पुण्यशाली जीव हैं। पुण्यशाली जीवों को ही ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होकर धर्माराधना करने का सौभाग्य प्राप्त होता है।
मुनिश्री के प्रवचनों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु धर्मलाभ और पुण्यार्जन से भावविभोर हुए। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।