रामभरोस विश्वकर्मा, ओबेदुल्लागंज रायसेन
मंडीदीप क्षेत्र में नेशनल हाईवे होशंगाबाद रोड स्थित नानाखेड़ी जोड़ के पास इन दिनों सड़क पर फैली रेत वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। रेत से भरे ट्रकों की आवाजाही और लापरवाही के चलते सड़क पर बड़ी मात्रा में रेत फैल रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां संचालित हो रहा रेत ट्रकों का टोल नाका पूरी तरह अव्यवस्थित है। ट्रकों से गिरती रेत सड़क पर फैलकर धूल का गुबार बनाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालक खासतौर पर फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठा है।
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारियों और जिम्मेदार विभागों के कर्मचारियों का आवागमन होता है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं की जा रही है। यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि रेत परिवहन में लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों और संबंधित ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क की नियमित सफाई और ट्रकों को ढंककर ले जाने के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागता है और आम जनता को इस खतरे से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।