सरपंच समेत चार लोगों पर हमले का आरोप, गंभीर हालत में रायसेन रेफर
सुलतानगंज,रायसेन। सुलतानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोदकपुर चौराहा पर एक गरीब आदिवासी के साथ मारपीट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि एससी-एसटी प्रकरण में राजीनामा करने का दबाव बनाने को लेकर कांग्रेस नेता टेकापार सरपंच कमल सिंह यादव ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर राजेंद्र आदिवासी (35) पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर उसे घायल हालत में मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र आदिवासी पिता माधो आदिवासी मोड़दकपुर चौराहा पर मौजूद था। इसी दौरान सरपंच कमल सिंह यादव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसके साथ कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों से किए गए हमले में राजेंद्र को गंभीर चोटें आईं।
घायल राजेंद्र को तत्काल सुलतानगंज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेगमगंज अस्पताल रेफर किया। बेगमगंज में उपचार के बाद भी हालत चिंताजनक होने पर उसे रायसेन रेफर कर दिया गया।
जमीन विवाद के बाद दर्ज हुआ था प्रकरण
बताया गया है कि वर्ष 2024 में राजेंद्र आदिवासी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। तहसीलदार की कार्रवाई के बाद जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर आदिवासी को सौंप दिया गया था। इसी मामले को लेकर फरियादी की ओर से एससी-एसटी एक्ट सहित मारपीट का प्रकरण दर्ज कराया गया था।
आरोप है कि इसी पुराने प्रकरण में राजीनामा कराने के लिए सरपंच द्वारा राजेंद्र पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट की यह वारदात सामने आई। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की तफ्तीश की जा रही है।