क्रांतिकारी किसान संगठन के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जल्द सर्वे नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
अतिवृष्टि एवं कीट प्रकोप से सोयाबीन सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान के सर्वे और मुआवजे की मांग को लेकर मंगलवार को गैरतगंज तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने खेतों से खराब सोयाबीन के पौधे उखाड़कर अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए और फसल की वास्तविक स्थिति दिखाते हुए तत्काल सर्वे कराने की मांग की।
क्रांतिकारी किसान संगठन (मध्यभारत) के बैनर तले संगठन अध्यक्ष मुकेश धाकड़ के नेतृत्व में किसानों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम हर्षित चौधरी को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि अतिवृष्टि एवं कीट प्रकोप के कारण सोयाबीन सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित राहत राशि एवं फसल बीमा क्लेम दिलाया जाए।
ज्ञापन में किसानों ने सभी फसलों की एमएसपी पर शीघ्र खरीदी सुनिश्चित करने, जंगली जानवरों द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान का उचित मुआवजा देने, आवारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इसके अलावा बासमती धान उत्पादक किसानों के हित में बासमती धान को जीआई टैग दिलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसानों का कहना है कि जंगली जानवरों एवं आवारा मवेशियों के कारण लगातार फसलों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
समय पर समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन
किसान संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं किया गया और फसल नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो आगामी दिनों में किसानों के हित में आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने आंदोलन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही।

ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम हर्षित चौधरी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान के मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर जल्द ही टीम गठित कर सर्वे की कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं जंगली जानवरों से फसल क्षति के मामलों की जांच के लिए राजस्व, कृषि एवं वन विभाग की संयुक्त टीम भेजी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान क्रांतिकारी किसान संगठन के पदाधिकारी एवं गैरतगंज तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में, किसान मौजूद रहे।
किसानों की छह प्रमुख मांगें
कीट प्रकोप एवं वर्षा से खराब फसलों का तत्काल सर्वे कर राहत राशि एवं बीमा क्लेम दिलाया जाए।सभी फसलों की एमएसपी पर शीघ्र खरीदी सुनिश्चित की जाए। जंगली जानवरों से हुई फसल क्षति का उचित मुआवजा दिया जाए।-आवारा मवेशियों की समस्या का उचित समाधान किया जाए।सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। बासमती धान उत्पादक किसानों को जीआई टैग दिलाया जाए।