अज्ञात कार ने मासूम को रौंदा, दर्दनाक मौत,ऑटो से उतरते समय हुआ हादसा, घटना के बाद कार चालक मौके से फरार
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज मुख्यालय के नंदनी नगर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सिलवानी क्षेत्र के उचेरा जमुनिया निवासी विनोद लोहापीटा का चार वर्षीय पुत्र तिलक रक्षा बंधन के अवसर पर अपने नाना के घर गैरतगंज के गैरतपुर क्षेत्र में आया हुआ था। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे तिलक अपने परिजनों के साथ ऑटो से गैरतगंज से सब्जी खरीदकर गैरतपुर जा रहा था।
बताया गया कि नंदनी नगर क्षेत्र में ऑटो चालक ने अचानक ब्रेक लगाए। इसी दौरान तिलक ऑटो से उतरने लगा और अचानक सड़क पर आ गया। तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तिलक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। परिजन तत्काल गंभीर हालत में तिलक को सिविल अस्पताल गैरतगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।