सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र के पिपलिया बिचौली गांव में जहरीले सर्प के दंश से 50 वर्षीय किसान कल्याण सिंह ठाकुर की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार को किसान खेत में मक्का की फसल में दवा का छिड़काव कर रहे थे, तभी उन्हें जहरीले सर्प ने डस लिया।
सर्पदंश से पीड़ित किसान को तत्काल सुल्तानगंज अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार ही मिल पाया। अस्पताल में सर्पदंश के इलाज की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए सागर रेफर कर दिया गया। लेकिन सागर ले जाते समय रास्ते में ही किसान ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों की मांग है कि सुल्तानगंज अस्पताल में सर्पदंश और जहरीले जीव-जंतुओं के दंश के इलाज की आवश्यक दवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि समय पर उपचार मिलने से लोगों की जान बचाई जा सके।