रुपेश मेहरा बरेली रायसेन
रक्षाबंधन त्योहार को लेकर नगर के बाजारों में इन दिनों भारी भीड़ और चहल-पहल देखने को मिल रही है। नगर के छोटा बाजार, बड़ा बाजार और टॉकीज चौराहा पर व्यापारियों और छोटे दुकानदारों द्वारा राखी की आकर्षक दुकानें लगाई गई हैं। राखी की दुकानों पर बहनों की खरीदारी के लिए भीड़ नजर आ रही है, जिससे बाजारों में त्योहार की रौनक बढ़ गई है।
शुक्रवार को भाइयों की कलाई पर सजेगी राखी
इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर हिन्दू परिवारों में उत्साह और उमंग का माहौल है। रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों की रक्षा और सम्मान को सुरक्षित रखने का संकल्प लेते हैं। रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पवित्र पर्व माना जाता है।
शकर की महंगाई से घरों में बन रहे पकवान–
शकर के दाम बढ़ने का असर इस बार रक्षाबंधन के त्योहार पर भी देखने को मिल रहा है। बाजार में तैयार मिठाइयों और पकवानों के दाम बढ़ने से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार अपनी सुविधा और बजट के अनुसार घरों में ही विभिन्न प्रकार के पकवान एवं मिठाइयां तैयार कर रहे हैं। कई परिवारों का कहना है कि बाजार की महंगी मिठाइयों की अपेक्षा घर पर पकवान, मिठाइयां बनाना अधिक सुविधाजनक और किफायती है। त्योहार को लेकर बाजारों में बढ़ी भीड़ से व्यापारियों को भी कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है।