मनोज बैरागी सरदारपुर धार
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के तहत रविवार को थाना राजगढ़ क्षेत्र में एक शानदार पहल देखने को मिली। राजगढ़ के व्यस्ततम इलाकों— मेला मैदान और स्थानीय बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक का भव्य आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से आम जनता को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने की मुहिम
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में 15 जुलाई से इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों पर पूरे प्रदेश में लगातार विभिन्न प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ मंचन
राजगढ़ में आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक (SP) धार सचिन शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्रीमती पारुल बेलापुरकर के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार तथा थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नाटक देख नागरिकों ने लिया संकल्प
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने अपने जीवंत और प्रभावी अभिनय से नशे के दलदल में फंसने वाले परिवारों की दुर्दशा और इसके गंभीर दुष्परिणामों को दिखाया। कलाकारों ने उपस्थित जनसमुदाय को संदेश दिया कि एक स्वस्थ जीवन और मजबूत समाज के निर्माण के लिए नशे से दूर रहना बेहद जरूरी है। नाटक से प्रेरित होकर वहां मौजूद बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी इस अभियान में अपना पूरा सहयोग देने और समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
राजगढ़ पुलिस की अपील:
“नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। आमजन स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को जागरूक कर एक नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।”