दुकान को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को कराया अलग; शांति व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात
रायसेन। शहर के इंडियन चौराहे पर रविवार सुबह करीब 10:30 बजे जमीन और दुकान से जुड़े विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट होते देख मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंडियन चौराहे पर विवाद के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट करते नजर आए। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सामने आया है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
विवाद की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग-अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से विवाद को और बढ़ने से रोक लिया गया। मौके पर मौजूद भीड़ को भी पुलिस ने समझाइश देकर हटाया।
कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि इंडियन चौराहे पर स्थित एक दुकान को लेकर एक ही पक्ष के दो लोगों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

दोनों पक्षों पर मारपीट का मामला दर्ज
थाना प्रभारी के अनुसार मामले में एक पक्ष की ओर से अलमास बेग और दूसरे पक्ष की ओर से फाइम पक्ष के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह के साथ ही जमीन एवं दुकान से जुड़े मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल को तैनात किया गया है, ताकि दोबारा किसी तरह का विवाद या तनाव की स्थिति निर्मित न हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।