सागर में जहरीली शराब का कहर: रात में जाम, सुबह मौतों का मातम,11 जिंदगी खत्म, 30 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती चार गांवों में पसरा सन्नाटा
बंडा सिविल अस्पताल में मची अफरा-तफरी; गंभीर मरीज सागर रेफर, प्रशासन ने शुरू की स्क्रीनिंग
सी के पारे
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बंडा क्षेत्र के कई गांवों में एक के बाद एक लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौतों की खबर सामने आने लगी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शनिवार रात शराब पीने के बाद कई ग्रामीणों की हालत खराब हुई। देखते ही देखते मामला गंभीर हो गया और 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई, जबकि 30 से ज्यादा लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
रात को शराब पी, कुछ ही घंटों में बिगड़ने लगी हालत
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार प्रभावित गांवों में शनिवार रात कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ मरीजों को बंडा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां लगातार मरीज पहुंचने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। कुछ गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर रेफर किया गया।
चार गांवों तक पहुंचा असर
घटना का असर एक ही गांव तक सीमित नहीं बताया जा रहा। रिपोर्टों में बंडा क्षेत्र के चार गांवों के लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इससे प्रशासन ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और शराब सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कराई जा रही है।

अस्पताल में पहुंचे मरीज, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हुए। अस्पताल में मरीजों की स्थिति की जानकारी ली गई और गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया। प्रशासन की ओर से उन लोगों से भी तत्काल जांच कराने की अपील की जा रही है, जिन्होंने हाल में शराब का सेवन किया है।
मौत की वजह पर अभी अंतिम मुहर नहीं
हालांकि घटना के बाद जहरीली या मिलावटी शराब की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौतों की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस शराब के स्रोत और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
आंकड़ा बढ़ने की आशंका ने बढ़ाई चिंता
सबसे बड़ी चिंता यह है कि अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसी वजह से मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। प्रशासन प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी कर रहा है।
सवालों के घेरे में अवैध शराब का नेटवर्क
सागर की इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में अवैध और संदिग्ध शराब की बिक्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच का अहम बिंदु यही होगा कि ग्रामीणों तक शराब कहां से पहुंची, उसे किसने उपलब्ध कराया और क्या उसमें किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट थी।
फिलहाल बंडा से लेकर सागर तक प्रशासनिक अमला अलर्ट है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।