मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
शिक्षक दिवस के अवसर पर सांची विकासखंड के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में संकुल अंतर्गत संभागीय एवं राज्य स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में सहभागिता और उपलब्धियां हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ उनके मार्गदर्शी शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संकुल प्राचार्य श्रीमती प्रीति कहार एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खेल और कला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षक भी सम्मानित
समारोह में शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं कला के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न स्तरों पर हासिल की गई उपलब्धियों की सराहना की गई।

शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को मिला सम्मान
सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी कार्यक्रम में स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान और विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई।
समारोह में शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। वहीं विद्यार्थियों को भी शिक्षा के साथ खेल, कला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन व्यायाम निर्देशक मनोज पवार ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।