दीवारों और छत में पड़ी दरारें बनी खतरा, तीन दिन की बारिश से फर्श हुआ जलमग्न; जिम्मेदारों से भवन की मरम्मत की मांग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाला दीवानगंज स्थित यूनानी औषधालय इन दिनों बदहाल भवन के चलते परेशानी का सामना कर रहा है। औषधालय का भवन जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। भवन की छत और दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं, वहीं लगातार बारिश के चलते छत से पानी टपकने लगा है। हालात यह हैं कि औषधालय में रखी दवाओं को पानी से बचाने के लिए छत के नीचे पन्नी बांधकर काम चलाना पड़ रहा है।
क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के दौरान औषधालय की छत से बूंद-बूंद पानी लगातार टपक रहा है। छत से गिरता पानी फर्श पर जमा होने के कारण पूरा फर्श गीला और कीचड़नुमा हो गया है। इससे औषधालय में आने वाले मरीजों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में काली पड़ गई छत और दीवारें
लगातार पानी टपकने के कारण औषधालय की छत और दीवारों पर नमी के चलते काले धब्बे पड़ गए हैं। कई हिस्सों में भवन की हालत देखकर उसकी जर्जर स्थिति साफ नजर आती है। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण भवन के अंदर रखी दवाओं और अन्य सामान के खराब होने का खतरा भी बना हुआ है।

दवाओं को बचाने के लिए पन्नी का सहारा
औषधालय में दवाओं को बारिश के पानी से बचाने के लिए पन्नी लगाकर अस्थायी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी दवाओं को इस तरह अस्थायी इंतजाम के सहारे रखना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो दवाओं के साथ-साथ भवन को भी और नुकसान होने की आशंका है।
कभी भी बढ़ सकता है हादसे का खतरा
भवन में जगह-जगह दरारें होने के कारण कर्मचारियों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। बारिश के दौरान लगातार नमी बढ़ने से जर्जर भवन की स्थिति और खराब होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि औषधालय क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधा का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसके भवन की तत्काल जांच कराकर मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जर्जर यूनानी औषधालय भवन का जल्द निरीक्षण कराया जाए और मरीजों व कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय जिम्मेदार विभाग को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।
रजत नायक, संजीव साहू, महेंद्र गौर आदि ग्रामीणों ने बताया कि अभी बारिश का दौर चल रहा है ऐसे में यूनानी योजना में पानी टपकना चिंता का विषय है। यूनानी विद्यालय का भवन नया बनना चाहिए