बाड़ी में फोरलेन निर्माण बना जानलेवा, बेकाबू डम्फर ने बाइक सवार को कुचला; मौके पर मौत
हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, करीब दो घंटे चक्का जाम सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
विनोद साहू बाड़ी रायसेन
बुधनी-बाड़ी फोरलेन निर्माण मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गिट्टी-राखड़ से भरे एक बेकाबू डम्फर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक बाबई गांव का निवासी बताया गया है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सिंगल लेन पर डम्फरों की आवाजाही से पहले से जाम की स्थिति
स्थानीय लोगों के मुताबिक फोरलेन निर्माण के चलते मार्ग पर फिलहाल यातायात सिंगल लेन से संचालित हो रहा है। इसी दौरान गिट्टी और राखड़ से भरे डम्फरों की लगातार आवाजाही के कारण सुबह से ही जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच बेकाबू डम्फर की चपेट में आने से बाइक सवार की जान चली गई।

पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया। पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। हादसे के कारणों और जिम्मेदार वाहन चालक के संबंध में जांच की जा रही है।

सुरक्षा मानकों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन फोरलेन पर भारी वाहनों की आवाजाही के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि तेज रफ्तार डम्फरों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसों के बाद कार्रवाई तो होती है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। लोगों ने निर्माण मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
इस पूरे मामले में एसडीओपी बाड़ी नीलम चौधरी का बयान भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।