सी के पारे
मध्य प्रदेश के रीवा से नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रीवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लगभग 3.87 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह खेप नागपुर और मुंबई भेजी जानी थी।
पुलिस के अनुसार इस मामले के तार मऊगंज जिले में हाल ही में पकड़ी गई अवैध ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े हैं। जांच एजेंसियां अब पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।