उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया एमसीयू की पत्रिका “कॉन्स्टिट्यूशन टू कम्युनिकेशन” का किया विमोचन
संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सतत संवाद आवश्यक: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
भोपाल।उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निवास कार्यालय भोपाल में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के मीडिया प्रबंधन विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा तैयार विशेष पत्रिका “कंस्टीट्यूशन टू कम्यूनिकेशन” का विमोचन किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रभावी संवाद एवं जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय को मध्य प्रदेश का एक महत्वपूर्ण संस्थान बताते हुए कहा कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी मीडिया, आईटी, फाइनेंस और बिजनेस सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में ऐसे विषयों पर निरंतर रिसर्च और बौद्धिक विमर्श को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया, जिससे भविष्य में सकारात्मक और प्रभावशाली परिणाम प्राप्त हो सकें।
यह पत्रिका मीडिया लॉ एंड एथिक्स पर आधारित है, जिसमें पत्रकारिता के विभिन्न आयामों के साथ-साथ मीडिया कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। पत्रिका का निर्माण विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. विजय मनोहर तिवारी जी एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश वाजपेई जी के विशेष मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।