– 1 जून से 15 जून तक होंगे ट्रांसफर
सी के पारे
भोपाल। मोहन यादव की सरकार ने प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए तबादला नीति 2026 को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह अहम फैसला लिया गया, जिसके बाद पूरे प्रदेश में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
नई नीति के अनुसार 1 जून 2026 से 15 जून 2026 तक तबादलों की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। लंबे समय से ट्रांसफर नीति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक विभागीय जरूरत और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तबादले किए जाएंगे। मंत्री स्तर से लेकर विभागीय अधिकारियों तक को सीमित अधिकार दिए गए हैं ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे।
सूत्रों के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व विभाग में बड़ी संख्या में तबादले होने की संभावना है। वहीं कई कर्मचारी संगठन सरकार के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार का यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
प्रदेशभर में अब 1 जून से शुरू होने वाली तबादला प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों की नजरें विभागीय आदेशों पर टिकी हुई हैं।