– मदकपुरा आंगनबाड़ी केंद्र के सामने कचरे का ढेर, दवा खिलाने पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष नाराज
– बच्चों की सेहत पर संकट, स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर लगाया सफाई में लापरवाही का आरोप
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया, लेकिन अभियान की शुरुआत ही गंदगी के बीच हुई। वार्ड क्रमांक 16 मदकपुरा आंगनबाड़ी केंद्र और शासकीय माध्यमिक स्कूल प्रांगण में कचरे और गंदगी का माहौल देखने को मिला।

इसी परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने पहुंचीं। मौके पर मौजूद गंदगी और कचरा देखकर वे खुद नाराज हो गईं। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने और स्कूल प्रांगण में फैली गंदगी के बीच बच्चों को दवा खिलाई गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदगी के कारण बच्चे पहले से ही बीमारी का शिकार हो रहे हैं और नगर पालिका द्वारा यहां सफाई अभियान नहीं चलाया जाता। कृमि मुक्ति के लिए दवा तो खिलाई जा रही है, लेकिन आसपास की गंदगी ही बीमारियों को न्योता दे रही है।