3 साल का बाद लौटी पत्नी,आपसी विवाद में फायरिंग, देसी कट्टे से फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में
देशी कट्टा एवं कारतूस बरामद
प्रेम विवाह प्रताड़ना बिछोह बना कारण
रामभरोस विश्वकर्मा मंडीदीप रायसेन
औद्योगिक क्षेत्र सतलापुर में सोमवार रात पति-पत्नी के विवाद ने तब भय का माहौल पैदा कर दिया जब पति ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। घटना में कोई जानी-नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर देशी कट्टा व तीन जिंदा कारतूस बरामद कर लिये हैं। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने करीब पाँच वर्ष पूर्व निष्कर्ष राजपूत से प्रेम विवाह किया था। पति की बुरी आदतों व लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह करीब तीन वर्ष पहले जयपुर स्थित अपनी मौसी के घर चली गई थी।

16 मई को स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह अपने माता-पिता के घर सतलापुर लौटी और उसके साथ परिचित बाबर भी आया।पुलिस के अनुसार 18 मई की रात 8.30 बजे पीड़िता घर के पास साहू किराना स्टोर से सामान ले रही थी तभी उसके पति निष्कर्ष राजपूत अपने साथियों राकेश व शैलेन्द्र के साथ वहां पहुंच गया और टकराव शुरू हो गया। पिता के पहुंचने पर बीचबचाव के दौरान निष्कर्ष ने पास रखे देशी कट्टे से हवा में गोलियां चला दीं। किसी के घायल न होने के बावजूद स्थानीय लोग भयभीत हो गए और आरोपी मौके से भाग निकले।

पीड़िता ने थाना औद्योगिक क्षेत्र सतलापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने अपराध की गंभीरता देखते हुए विशेष टीम गठित की और लोकल पूछताछ, मुखबिरों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन तेज की।
टीम ने आरोपियों की तलाश कर आयशर कंपनी के पास निष्कर्ष तथा मंडीदीप क्षेत्र से राकेश व शैलेन्द्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने घटना स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस व लोहे की रॉड बरामद हुई।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर की गई इस त्वरित कार्यवाही में निरीक्षक विजय त्रिपाठी, रंजीत सराठे व टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी सूचना के लिए थाने से संपर्क रखने की अपील की है।