दीवानगंज-बालमपुर-देहरी क्षेत्र के तालाबों में खिले सफेद कमल, पूरा तालाब नजर आ रहा फूलों की सफेद चादर जैसा
फोटो-सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे लोग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
नवदुर्गा और दीपावली के त्योहारों से पहले दीवानगंज, बालमपुर और देहरी सहित आसपास के गांवों में स्थित तालाब इन दिनों प्राकृतिक सुंदरता का आकर्षण बने हुए हैं। तालाबों में बड़ी संख्या में सफेद कमल के फूल खिलने से पानी की सतह दूर तक सफेद नजर आ रही है। पूरा तालाब मानो सफेद फूलों की चादर से ढक गया हो।
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 के किनारे स्थित तालाबों में खिले सफेद कमल राहगीरों और आसपास से गुजरने वाले लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। फूलों से सजे तालाब का नजारा देखने के लिए कई लोग यहां कुछ देर रुक रहे हैं और अपने मोबाइल से फोटो व सेल्फी ले रहे हैं। इसके बाद लोग इन तस्वीरों और वीडियो को फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा कर रहे हैं।
सुबह के समय दिखता है सबसे खूबसूरत नजारा
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के समय तालाब में खिले सफेद कमल का दृश्य और भी मनमोहक दिखाई देता है। पानी के बीच बड़ी संख्या में खिले फूल और उनके बीच दिखाई देता तालाब का पानी लोगों को आकर्षित कर रहा है। त्योहारों के दौरान आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोग भी इस प्राकृतिक नजारे को देखने के लिए रुक रहे हैं।
प्रकृति ने दिया पर्यटन जैसा नजारा
हाईवे-18 से गुजरने वाले लोगों के लिए तालाबों में खिले कमल इन दिनों किसी प्राकृतिक पर्यटन स्थल से कम नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद तालाबों में कमल खिलने से क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ गई है। यदि इन तालाबों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जाए तो आने वाले समय में यह स्थान स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।