धार। बदनावर थाना क्षेत्र के पिटगारा चौराहे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महू-नीमच फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि एक बच्ची घायल हुई है। घायल बच्ची को उपचार के लिए बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया फोरलेन जाम
हादसे की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे से जाम के कारण रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।

पुलिस मौके पर, जाम खुलवाने के प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से चर्चा शुरू की और जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।