सेमरा-बनखेड़ी सड़क पर नाली और उचित स्लोप नहीं होने से ग्रामीण परेशान, लाखों की सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल
मुकेश साहू दीवानगंज दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे-18 से ग्राम सेमरा होते हुए बनखेड़ी तक करीब 4.50 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग पांच साल बाद पूरा हुआ, लेकिन सड़क बनने के बाद ही इसकी खामियां सामने आने लगी हैं। सेमरा में गायत्री मंदिर के सामने सड़क पर बारिश का पानी जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान उचित स्लोप नहीं दिया गया और दोनों तरफ नाली का निर्माण भी नहीं किया गया। इसके चलते बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है।
करीब 475.86 लाख रुपए की लागत से बनी इस सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पांच साल तक इंतजार के बाद गांव में पक्की सड़क तो बनी, लेकिन निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही अब परेशानी का कारण बन रही है। गायत्री मंदिर के सामने सीसी सड़क पर पानी जमा होने से इस मार्ग से गुजरने वाले कई गांवों के लोगों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है।
नाली नहीं बनी, पानी निकासी की व्यवस्था भी नहीं
ग्रामीणों के अनुसार रहवासी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी के लिए दोनों तरफ नाली और पर्याप्त स्लोप बनाया जाना चाहिए था। लेकिन सड़क निर्माण के बाद भी नाली का निर्माण नहीं कराया गया। इससे बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो लगातार जलभराव के कारण सड़क जल्द खराब हो सकती है और लाखों रुपए की लागत से बनी सड़क कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो जाएगी।
जब निर्माण हो रहा था तो शुरुआती दिनों में ही दिखने लगी थीं दरारें
ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गायत्री मंदिर के सामने बनाई गई सीसी सड़क में निर्माण के शुरुआती दिनों में ही कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी थीं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग भी उठाई थी। अब बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा होने से उनकी चिंता और बढ़ गई है।
आजादी के बाद पहली बार बनी पक्की सड़क, फिर भी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में आजादी के बाद पहली बार पक्की सड़क बनी है। ऐसे में उन्हें उम्मीद थी कि सड़क बनने के बाद आवागमन आसान होगा और गांव का विकास तेज होगा। लेकिन सड़क निर्माण में नाली और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से अब ग्रामीणों के घरों और सड़क के आसपास बारिश का पानी जमा हो रहा है। इस मार्ग से सेमरा सहित आसपास के कई गांवों के लोग भोपाल, विदिशा, सांची और रायसेन सहित अन्य स्थानों पर आवागमन करते हैं।
ग्रामीण बोले- समय रहते नहीं हुआ सुधार तो बेकार हो जाएगी सड़क
ग्रामीण विनोद लोधी, जितेंद्र लोधी, राहुल लोधी, विष्णु लोधी, गोविंद सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन रहवासी क्षेत्र में पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। गायत्री मंदिर के सामने सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सड़क का स्लोप सुधारने, दोनों तरफ नाली बनाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
विनोद लोधी, स्थानीय निवासी, ग्राम सेमरा निवासी बाबूलाल साहू ने कहा कि ठेकेदार ने सड़क की ऊंचाई और स्लोप का उचित ध्यान नहीं रखा। बारिश के बाद गायत्री मंदिर के सामने सीसी रोड पर पानी भर गया है। इस मार्ग से कई गांवों के लोग रोजाना भोपाल, विदिशा, सांची और रायसेन की ओर आते-जाते हैं, जिन्हें पानी में से होकर निकलना पड़ रहा है।
भानु उर्फ पुरुषोत्तम लोधी, सरपंच ग्राम सेमरा ने कहा कि सड़क के दोनों तरफ नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। यदि नाली बन जाती तो बारिश का पानी सड़क पर जमा नहीं होता। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। संबंधित अधिकारियों को इस समस्या का स्थायी समाधान कराना चाहिए।