इंदौर। खंडवा रोड पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने अस्थाई परमिट की बसों के समय में बदलाव किया था। इसका नतीजा यह हुआ कि जल्दी पहुंचने के लिए होने वाली ओवर स्पीड पर अंकुश लग गया। विभाग अस्थाई परमिट की बसों को पांच घंटे के अंतराल का परमिट जारी कर रहा हैं। स्थाई परमिट की बसों के समय में बदलाव नहीं किया गया हैं।
परिवहन विभाग ने खंडवा रोड पर आए दिन होने वाले हादसों को रोकने के लिए एक कमेटी बनाकर पूरे रूट की जांच की थी। इस कमेटी में परिवहन विभाग के साथ ही एनएचआई और बस संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे। सभी ने इंदौर से लेकर खंडवा तक सड़क का निरीक्षण किया था। इस दौरान सामने आया था कि सड़क की हालत खराब होने से बसें देरी से पहुंचती है। समय पर बसों को पहुंचाने के लिए चालक तेज गति से बस चलाते हैं।
परिवहन विभाग ने इसका हल निकालते हुए अस्थाई परमिट की 65 बसों के परमिट का अंतराल पांच घंटे कर दिया। आरटीओ प्रदीप कुमार शर्मा का कहना है कि मासिक परमिट दिए जाने वाले अस्थाई परमिट के समय में परिवर्तन किया गया। सभी 65 बसों को पांच घंटे के समय अंतराल का परमिट जारी किया जा रहा है, जबकि स्थाई परमिट की 200 के करीब बसों के परमिट में बदलाव नहीं किया गया।
सड़क के किनारे गड्ढे
खंडवा रोड पर सड़क के किनारे बड़े-बड़े गड्ढे हैं। तेज गति में आमने-सामने वाहन आने पर कई बार वाहनों को नीचे उतारना पड़ता हैं।इससे भी हादसे हो रहे हैं, जबकि घाट सेक्शन में सुरक्षा रेलिंग भी टूट चुकी हैं। संकेतक भी नहीं लगाए गए। इससे भी वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.