– शांति, सद्भाव और उत्साह से मनाए जाएं सभी त्योहार,
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
आगामी दिनों में आने वाले विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साह के साथ मनाने को लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत गढ़ी के सभा कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ हिंदू, मुस्लिम एवं जैन समुदाय के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी श्री हर्षित चौधरी ने की। इस अवसर पर एसडीओपी श्रीमती सोनाली गुप्ता, नायब तहसीलदार श्री धनीराम अहिरवार, थाना प्रभारी श्री डी.पी. लोहिया तथा पुलिस चौकी प्रभारी श्री तेजपाल सिंह सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा*
बैठक में आगामी रक्षाबंधन, कजलियां, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मुस्लिम समुदाय के ईद मिलादुन्नबी सहित अन्य पर्वों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा चल समारोह आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
*अफवाहों से बचने और संयम बरतने की अपील*
एसडीओ श्री हर्षित चौधरी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मिल-जुलकर मनाए जाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी संदेश अथवा सूचना को आगे प्रसारित न करें। उन्होंने त्योहारों के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में उपयोग नहीं करने की अपील की।
एसडीओपी श्रीमती सोनाली गुप्ता ने त्योहारों के दौरान निकलने वाले चल समारोह तथा अन्य आयोजनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं पर चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। गढ़ी में सभी धर्मों के पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की परंपरा रही है, जो सामाजिक एकता और सद्भाव की मिसाल है।
*सभी समुदायों ने दिया शांति का संदेश*
बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि आगामी सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में जनपद सदस्य रिजवान खां, भाजपा नेता भागचंद चौरसिया, मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष खालिद मंसूरी, पूर्व जनपद सदस्य नंदकिशोर यादव, सैयद वदूद अली पटेल, नीरज पंडा चौरसिया, विपिन जैन, खलील कुरैशी, संजय मालवीय, नितिन माहेश्वरी सहित विभिन्न समुदायों के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साह के साथ मनाने तथा गढ़ी की आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखने पर सहमति व्यक्त की।