सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
आगामी दिनों में आने वाले त्योहारों को शांति, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने को लेकर सोमवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हिंदू, मुस्लिम एवं जैन समुदाय के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में एसडीओपी सोनाली गुप्ता, तहसीलदार अमृता सुमन एवं थाना प्रभारी डीपी लोहिया सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी त्योहार रक्षाबंधन, कजलियां, जन्माष्टमी, मुस्लिम समुदाय के ईद मिलादुन्नबी सहित अन्य पर्वों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में नागरिकों ने नगर में साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने त्योहारों के दौरान निकलने वाले चल समारोह सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। मानव धर्म का निर्वहन करते हुए सभी धर्मों के त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने की परंपरा गैरतगंज में रही है, जो खुशी की बात है। उन्होंने सभी से शांति एवं सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में सभी समुदायों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साह के साथ मनाने पर सहमति व्यक्त की।