इंदौर। महाराजा रंजीत सिंह कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल साइंसेस, इंदौर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित “ईकोसृजन–2026 – सृजन से संरक्षण की ओर” के अंतर्गत मध्यप्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (MPCST), भोपाल के सहयोग एवं समर्थन से रालामंडल वन्यजीव अभयारण्य भ्रमण एवं रील मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के सीईओ श्री सतविंदर सिंह माखीजा एवं प्राचार्य डॉ. आनंद निघोजकर ने हरी झंडी दिखाकर लगभग 100 विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के दल को रालामंडल भ्रमण के लिए रवाना किया। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. सुप्रिया बंडी रहीं।
रालामंडल भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक परिवेश, विभिन्न वनस्पतियों, जैव विविधता एवं वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का अवलोकन कर पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा। इस अवसर पर प्रोफेसर प्रतिभा जैन ने NSS सदस्यों के साथ रालामंडल के अधिकारियों को वृक्षारोपण हेतु पौधे प्रदान किए। वहीं डॉ. मनोज जोशी एवं प्रोफेसर ऋचा जोशी ने वहाँ उपस्थित बच्चों के साथ पारंपरिक खेल-कूद गतिविधियाँ आयोजित कीं।

रालामंडल भ्रमण के साथ रील मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर रचनात्मक एवं संदेशपरक रील्स तैयार कीं। विद्यार्थियों ने डिजिटल माध्यम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. महिमा जैन, विभागाध्यक्ष, भौतिक शास्त्र विभाग ने विद्यार्थियों को पर्यावरण, पर्यावरण प्रदूषण एवं उसके दुष्प्रभावों के संबंध में महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. शिफा गोयल, डॉ. संदीप कौर होरा, डॉ. शैलेष हिरवे,एवं प्रोफेसर आर्ची नामदेव सहित संकाय सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। सहायक स्टाफ श्री विनय श्रीवास्तव भी इस भ्रमण एवं आयोजन में सम्मिलित रहे और उन्होंने कार्यक्रम के सुचारु संचालन में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर मोनिका गोस्वामी ने सभी संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, सहायक स्टाफ एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।