किड्स गरबा नृत्य, किड्स एक्ट और नौ दिनों के विविध रंगों व थीम ने बढ़ाया उत्साह
इंदौर। सिल्वर स्प्रिंग्स में आयोजित सिल्वर स्प्रिंग्स गरबा महोत्सव 2026 भक्ति, संस्कृति और उल्लास के रंगों में रंगा नजर आ रहा है। माँ दुर्गा की आराधना, पारंपरिक गरबा नृत्य और रंग-बिरंगे परिधानों के बीच रहवासी पूरे उत्साह से महोत्सव में भाग ले रहे हैं। गरबा की थाप और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया है।

महोत्सव के सूत्रधार रजनी खेतान और चारू कौर सलूजा ने बताया कि इस आयोजन में किड्स गरबा नृत्य और किड्स एक्ट विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। नौ दिनों तक अलग-अलग रंगों के परिधान, विविध गरबा वेशभूषा और अनूठी थीम प्रतिभागियों को रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रही हैं। हर दिन की अलग रंग-योजना और थीम दर्शकों के साथ प्रतिभागियों में भी नया उत्साह भर रही है।
आयोजन में बच्चों की प्रस्तुतियाँ, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक गतिविधियाँ उत्सव की रौनक बढ़ा रही हैं। गरबा महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकता का संदेश भी दे रहा है।

कार्यक्रम के मार्गदर्शक विजय गर्ग, के. एस. मंडलोई, माहेश्वरी, घनश्याम सोमानी, देवराज पाटीदार तथा मंदिर समिति का आयोजन में सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता द्विवेदी और कुसुमलता गर्ग ने किया।
सिल्वर स्प्रिंग्स गरबा महोत्सव में भक्ति, परंपरा, रचनात्मकता और सामुदायिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। नौ दिनों तक चलने वाला यह उत्सव रहवासियों के लिए आनंद, सहभागिता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का यादगार अवसर बन रहा है।