– बस स्टैंड पर हिन्दू उत्सव समिति ने झांकी समितियों को किया सम्मानित, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सीताराम दरबार की पूजा-अर्चना की
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर में विजयादशमी पर्व उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। दिन में तेज बारिश के दौर के बाद दशहरा चल समारोह निकाला गया। इसमें दो दर्जन से अधिक आकर्षक दुर्गा झांकियां शामिल रहीं। चल समारोह में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जगह-जगह स्वागत किया गया। चल समारोह के बस स्टैंड पहुंचने पर हिन्दू उत्सव समिति ने दुर्गा झांकियों की समितियों को शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया। वहीं, मार्ग में विश्व हिन्दू परिषद ने चल समारोह का स्वागत किया।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सीताराम दरबार की पूजा-अर्चना की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अपने संबोधन में विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें अहंकार और बुराइयों का त्याग कर सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नगरवासियों से आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी शेरसिंह यादव ने की। विशेष अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष विजय पटेल रहे। हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष देवेंद्र पटेल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बारिश के बाद भी चल समारोह में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। नगर में जगह-जगह लोगों ने झांकियों के दर्शन कर धर्म और आस्था के इस पर्व में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में दुर्गा प्रतिमाओं का बीना नदी में विसर्जन किया गया।