शहीदों को सलाम: 150 वीर जवानों के नामों का वाचन, पुलिस लाइन में भावुक कर देने वाला श्रद्धांजलि समारोह
रायसेन में पुलिस स्मृति दिवस: शहीद जवानों को नमन
पुलिस लाइन में आयोजित हुई शोक परेड, शस्त्र उल्टे कर जवानों ने दी श्रद्धांजलि; कलेक्टर रोहित सिसोनिया सहित अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्प
रायसेन। देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को रायसेन जिला पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित शोक परेड में पुलिस जवानों ने शस्त्र उल्टे कर और सिर झुकाकर शहीदों को नमन किया। पूरा परिसर वीर जवानों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की स्मृतियों से भावुक हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने देशभर में पिछले एक वर्ष के दौरान शहीद हुए 150 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद कलेक्टर रोहित सिसोनिया सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान जिला होमगार्ड कमांडेंट उमेश तिवारी, आरआई उजमा खान सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के बलिदान को याद किया।

हॉट स्प्रिंग्स में शहीद हुए थे CRPF के 10 जवान
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास 21 अक्टूबर 1959 से जुड़ा है। इसी दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

यह दिवस उन सभी पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। रायसेन पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से भी शहीद जवानों के अदम्य साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।