दीवानगंज के आसपास सुबह-शाम प्रदूषण से लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल
जुर्माने और कार्रवाई की चेतावनी भी बेअसर; प्रशासन ने अब सख्ती की तैयारी की
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
एनजीटी के प्रतिबंध और प्रशासन की लगातार चेतावनी के बावजूद खेतों में पराली (नरवाई) जलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। किसान अगली फसल की बोवनी जल्द करने के चक्कर में खेतों में खुलेआम आग लगा रहे हैं। इसका असर अब पूरे क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। दीवानगंज सहित आसपास के गांवों में सुबह और शाम धुएं का गुबार छाया रहता है। इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण को देखते हुए एनजीटी ने इस पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद किसानों में जागरूकता की कमी और मैदानी स्तर पर निगरानी के अभाव में नियमों का उल्लंघन जारी है। पराली जलाने पर नियमानुसार अर्थदंड का प्रावधान है, लेकिन क्षेत्र में अब तक प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आई। ऐसे में जुर्माने और कार्रवाई का डर भी किसानों को खेतों में आग लगाने से रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।
पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भी नुकसान
खेतों में फसल अवशेष जलाने से केवल वायु प्रदूषण ही नहीं बढ़ता, बल्कि मिट्टी की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। आग लगाने से मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्म जीव और फसलों के लिए लाभकारी कीट नष्ट हो जाते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और भविष्य में उत्पादन घटने की आशंका रहती है। किसान अगली फसल की बोवनी के लिए खेत तो साफ कर लेते हैं, लेकिन इसके दूरगामी नुकसान का खामियाजा उन्हें कम उत्पादन के रूप में भुगतना पड़ सकता है।

पराली से खाद और चारा बनाने के विकल्प मौजूद
पराली जलाने के बजाय उसका उपयोग जैविक खाद बनाने में किया जा सकता है। ट्राइकोडर्मा आधारित जैविक अपघटक की मदद से फसल अवशेषों को खाद में बदला जा सकता है। इसके अलावा पराली को गोशालाओं में सूखे चारे के रूप में उपयोग के लिए दिया जा सकता है। बेलर मशीन की मदद से पराली को इकट्ठा कर बड़े-बड़े बंडल बनाए जा सकते हैं, जिन्हें सुरक्षित रखकर जरूरत के अनुसार चारे या अन्य उपयोग में लिया जा सकता है। कृषि क्षेत्र में फसल अवशेषों से कप-प्लेट, चटाई सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं बनाने के विकल्पों पर भी काम किया जा रहा है।
एसडीएम ने फायर ब्रिगेड बुलवाकर बुझवाई आग, दोबारा जलाने पर एफआईआर की चेतावनी
पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए एसडीएम मनीष शर्मा ने पिछले दो दिनों में सामने आए मामलों में तत्काल फायर ब्रिगेड बुलवाकर आग बुझवाई। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में पराली नहीं जलाने की सख्त हिदायत दी। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसी घटना सामने आने पर आग बुझाने में हुए खर्च और शासकीय कर्मचारियों के श्रम की लागत संबंधित व्यक्ति से नियमानुसार अर्थदंड के रूप में वसूली जाएगी। निर्देशों का उल्लंघन जारी रहने पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इसी क्रम में भोपाल-विदिशा हाईवे-18 के तिराहे पर बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के चल रहे हार्वेस्टर को थाने में खड़ा कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि हार्वेस्टर में एसएमएस की व्यवस्था होने से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन किया जा सकेगा और नरवाई जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने दिए सभी हार्वेस्टर में एसएमएस अनिवार्य करने के निर्देश
रायसेन कलेक्टर सिसोनिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फसल कटाई में उपयोग होने वाले सभी हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगवाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। संबंधित एसडीएम हार्वेस्टर संचालकों को एसएमएस लगवाने के लिए प्रेरित करें और नियमित रूप से इसकी जांच भी करें। बिना एसएमएस के हार्वेस्टर संचालित पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन होने से किसानों को पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
लगातार बढ़ते धुएं और प्रदूषण के बीच अब देखना होगा कि प्रशासन की यह सख्ती खेतों में जलती नरवाई पर कितना अंकुश लगा पाती है।