भोपाल-विदिशा हाईवे पर सफाई और मरम्मत तेज, गहरे गड्ढे भरे जा रहे; सड़क किनारे की साइड भी होगी समतल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर लंबे समय से चली आ रही सफाई और मरम्मत की जरूरत को देखते हुए अब काम तेज कर दिया गया है। हाईवे के दोनों ओर बारिश में उगी झाड़ियों की कटाई की जा रही है, वहीं सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को भरने के साथ ऊंची सड़क के कारण असमतल हुई साइडों को भी मिट्टी और अन्य सामग्री डालकर समतल किया जा रहा है। एमपीआरडीसी के कर्मचारी मशीनों और संसाधनों के साथ हाईवे को दुरुस्त करने में जुटे हैं।

पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज, फैक्ट्री चौराहा, नई परानी दीवानगंज चौकी , सहित हाईवे के कई स्थानों पर सफाई और मरम्मत का काम जारी रहा। बारिश के दौरान सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे बन गए थे, इन गढ़ों में कई वाहन चालक गिरकर घायल भी हुए थे। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। अब इन गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क की ऊंचाई बढ़ने से दोनों ओर बनी ऊंची-नीची साइडों को भी समतल किया जा रहा है, ताकि वाहन चालकों को सड़क से नीचे उतरने और किनारे से निकलने में परेशानी न हो।

झाड़ियों की कटाई से बढ़ेगी दृश्यता, हादसों का खतरा होगा कम
हाईवे किनारे उगी झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर वाहन चालकों को सड़क के किनारे और आसपास की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती थी। अब झाड़ियों की सफाई होने से दृश्यता बेहतर होगी। वहीं, साइडों को समतल करने और गड्ढे भरने से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि हाईवे पर लंबे समय से सफाई और मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही थी। बारिश के बाद सड़क की स्थिति कई जगह खराब हो गई थी। अब एमपीआरडीसी द्वारा काम शुरू किए जाने से वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।