सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर सहित आसपास के क्षेत्र में कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की नवमी पर बुधवार को आंवला नवमी मनाई गई। इस दिन बड़ी संख्या में महिलाओं ने घरों एवं मंदिरों में पहुंचकर आंवले के पेड़ की पूजा की तथा व्रत रखे। इस व्रत से सुख सौभाग्य की प्राप्ति होने की मान्यता है।
आंवला नवमी जिसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है, के अवसर पर नगर में मंदिरों में व्रत एवं पूजा विधान के कई कार्यक्रम हुए। महिलाओं ने सूर्योदय के पूर्व स्नान उपरांत मंदिरों में पहुंचकर आंवले के पेड़ की विशेष पूजा की। इस दौरान पेड़ की परिक्रमा कर उसे मौली बांधकर महिलाओं ने सुख सौभाग्य की कामना की साथ ही भगवान से पर्यावरण सुरक्षित रखने की प्रार्थना की। इस मौके पर श्रीरामजानकी मंदिर, टेकापार मंदिर, मावलखोह मंदिर, रड़िया मंदिर, किसानी मोहल्ला आदि स्थानों में एकत्र महिलाओं ने पूजा कर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया। पूजन करने पहुंचीं महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि वे आंवले की परंपरागत पूजा के अलावा प्रकृति संरक्षण की प्रार्थना भी भगवान से कर रहीं हैं। उन्होंने पर्यावरण की रक्षा में योगदान देने की बात भी कही। मंदिर पुजारी हिरदेश पचौरी ने पूजा संपन्न कराई। शुभ मुहूर्त में नगर के मंदिरों में प्रातः साढ़े छह से शाम तक पूजन का सिलसिला चलता रहा। ग्रामीण क्षेत्र में भी मंदिरों में आंवला नवमी पर महिलाओं द्वारा विशेष पूजा अर्चना की गई।