– राजस्व एवं नगर परिषद अमले के साथ मौके पर पहुंचे हर्षित चौधरी
– दुकानदारों और भूमिस्वामियों से की चर्चा
– सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के ग़ैरतगंज नगर के गेहूरास रोड चौड़ीकरण को लेकर बुधवार को एसडीएम हर्षित चौधरी ने राजस्व एवं नगर परिषद के अमले के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व में चौड़ीकरण के लिए की गई मार्किंग का अवलोकन कर मौका जांच की गई। एसडीएम ने मौके पर उपस्थित दुकानदारों एवं भूमिस्वामियों से चर्चा कर उनकी बात सुनी तथा नगर के विकास और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व अतिक्रमण एवं सड़क चौड़ीकरण के संबंध में संबंधित दुकानदारों और भूमिस्वामियों को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी कर 15 दिन की समय-सीमा दी गई थी। इसी क्रम में बुधवार को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मार्किंग की स्थिति का जायजा लिया।
गेहूरास रोड का चौड़ीकरण नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा इस प्रक्रिया में संबंधित लोगों से संवाद और आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर ज़ोर दिया जा रहा है।