भोपाल।बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भेल, भोपाल में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत प्रियांशी एजुकेशनल कल्चरल सोशल सोसाइटी एवं डी.एफ.टी. के सहयोग से 35 बालिकाओं के लिए रोजगारोन्मुखी कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
प्राचार्य डा संजय जैन ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं को टू व्हीलर एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की मरम्मत, थ्री व्हीलर मरम्मत, ऑटो एवं ई-रिक्शा ड्राइविंग तथा इलेक्ट्रिक वाहन संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ संयोजक डा कमलेश नेगी ने बताया कि यह प्रशिक्षण दिनांक 06 अक्टूबर 2026 से 06 जनवरी 2027 तक दो माह का आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी कार्यों में दक्ष भी बनाया जाएगा।

कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह है कि प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत प्रतिभागी बालिकाओं के लिए नौकरी की गारंटी का प्रावधान किया गया है, जिससे उन्हें प्रशिक्षण के बाद रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त, बालिकाओं को वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 15 दिवसीय इंटर्नशिप भी कराई जाएगी। इस इंटर्नशिप के दौरान प्रत्येक बालिका को प्रोत्साहन स्वरूप 900 रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बालिकाओं के लिए तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलने वाला है। विशेष रूप से ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन जैसे उभरते हुए क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर बालिकाएँ न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त कर सकेंगी, बल्कि भविष्य में अपना स्वयं का कार्य प्रारंभ करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगी।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राएं – प्राची विश्वकर्मा, नेहा लोधी, संजना विश्वकर्मा, परिनाथ, वंदना अहिरवार, याशिका साहू, चांदनी पाल, दिशा, प्रीति, ज्योति, दामिनी,संगीता, शिवानी,अनामिका, आरती, शशि, अनुष्का, खुशी, महक,चांदनी,संजना,शीतल,आदि प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।प्रियांशी एजुकेशनल कल्चरल सोशल सोसाइटी की कॉर्डिनेटर सृष्टि सेन गुप्ता एवं प्रशिक्षक श्री सत्यम लोधी हैं।
आज के बदलते तकनीकी परिवेश में महिलाओं की भागीदारी प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यक है। ऐसे में यह पहल पारंपरिक कार्यक्षेत्रों से आगे बढ़कर बालिकाओं को तकनीकी एवं गैर-पारंपरिक व्यवसायों में अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर प्रदान करती है।