168 करोड़ की 75 किमी लम्बी 4 सड़क निर्माण में जालसाजी
रायसेन ।मध्य प्रदेश रोड़ डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा 75.64 किमी लम्बाई की अमरावद-भारकच्छ, औबेदुल्लागंज-मगरपंच, आशापुरी- भोजपुर , चिकलोद-रायसेन, गढ़ी-अहमदपुर
सड़क निर्माण का ठेका भोजपुर महादेव हाइवे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिया गया है।
पैकेज क्रं 35 के तहत 168 करोड़ की लागत से बन रही इन चार सड़कों की घटिया गुणवत्ता, वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन, रायल्टी चोरी, अवैध परिवहन और घटिया सामग्री उपयोग
पर मीडिया में सवाल उठते रहे हैं और मध्य प्रदेश रोड़ डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड , खनिज विभाग, वन विभाग, प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी जबाव देने , जांच करने से आंखें चुराते रहे।
सूचना का अधिकार अधिनियम से प्राप्त जानकारी से खुलासा हुआ कि मध्य प्रदेश रोड़ डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड कार्यालय में सड़क निर्माण के लिए अनुबंधित कंपनी भोजपुर महादेव हाइवे प्राइवेट लिमिटेड
ने जो ई टी पी पत्रक दिनांक 30/11/2022 को जमा किए हैं वह ई टी पी पत्रक दूसरी सड़क निर्माण कंपनियों के द्वारा सड़क निर्माण के लिए उपयोग किए गए पत्रक हैं। यह चारों सड़कें रायसेन जिले में बन रही है और ई टी पी पत्रक खंडवा, उज्जैन और बालाघाट जिले के जमा कर जालसाजी की गई है।
सवाल यह है कि सड़क निर्माण के लिए भोजपुर महादेव हाइवे प्राइवेट लिमिटेड सड़क निर्माण कंपनी ने गिट्टी का परिवहन नहीं किया तो यह चारों सड़कें कैसे बन गईं ? और इन सड़कों का निर्माण गिट्टी से हुआ है तो अवैध परिवहन, रायल्टी चोरी का प्रकरण खनिज विभाग, रायसेन ने क्यों नहीं बनाया ? जांच का विषय है।