कार्तिक पूर्णिमा पर देवलखेड़ी में गूंजेगा श्रीहरि विष्णु का जयघोष, 108 हवन कुंडों पर होगा भव्य सामूहिक महायज्ञ
विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, मध्यप्रदेश सहित देशभर के स्वजातीय बंधुओं से सहभागिता की अपील
सी.के. पारे रायसेन
भगवान श्रीहरि विष्णु की असीम कृपा एवं सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था के साथ कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर 2026 को रायसेन जिले के उमरावगंज अंतर्गत ग्राम देवलखेड़ी स्थित डॉ. गोपेश तारे के Saplings N Eyries Farm में 108 हवन कुंडों के माध्यम से भव्य सामूहिक महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार एवं श्रीहरि विष्णु सहस्त्रनाम के पावन स्मरण के साथ श्रद्धालु आहुतियां समर्पित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में इसी स्थान पर डॉ. गोपेश तारे के गार्डन में श्री विष्णु सहस्त्रनाम पाठ का भव्य आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की थी। समाजजनों की सामूहिक आस्था, एकजुटता एवं सहयोग से उस आयोजन में विश्व रिकॉर्ड भी बनाया गया था। इसी गौरवशाली धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 108 हवन कुंडों पर सामूहिक महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है।
कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी देते हुए डॉ. गोपेश तारे ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान सुबह से शाम तक सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होगा। इसमें वैदिक विधि-विधान के अनुसार 108 हवन कुंडों पर सामूहिक हवन किया जाएगा। हवन की पूर्णाहुति के पश्चात भगवान श्री सत्यनारायण की कथा, भव्य महाआरती एवं इसके उपरांत भोजन प्रसादी का आयोजन रखा गया है।
डॉ. तारे ने मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत समस्त स्वजातीय बंधुओं से इस दिव्य एवं पुनीत आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहभागी बनने का भावपूर्ण निवेदन किया है। उन्होंने विशेष रूप से दंपतियों से हवन में भाग लेने तथा अपने परिवारजनों एवं समाज के अन्य बंधुओं को भी इस पुण्य अवसर पर आमंत्रित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन मात्र एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक आस्था, एकता, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को सुदृढ़ करने का एक अनुपम अवसर है। सभी समाजजनों की सहभागिता और सहयोग से इस वर्ष भी एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का लक्ष्य है।
डॉ. गोपेश तारे ने हवन में सम्मिलित होने के इच्छुक दंपतियों से आग्रह किया है कि वे अपनी सहभागिता एवं संख्या की जानकारी यथाशीघ्र उपलब्ध कराएं, जिससे हवन कुंडों सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जा सकें।
आइए, कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर हम सभी एकजुट होकर भगवान श्रीहरि विष्णु के श्रीचरणों में श्रद्धा एवं भक्ति की आहुतियां समर्पित करें। धर्म, आस्था, एकता और सामाजिक समरसता के इस महायज्ञ में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें और एक ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें।