सुरेंद्र जैन धरसींवा
सड़क पर टोल वसूलने वाला टोल प्लाजा जब समाज के लिए कुछ करता है, तो वो खबर बन जाती है। ऐसा ही एक सराहनीय काम किया है रायपुर-सिमगा प्रोजेक्ट के तरपोंगी टोल प्लाजा ने।
नेशनल हाईवेज़ इंफ्रा ट्रस्ट (NHIT) के अंतर्गत संचालित तरपोंगी टोल प्लाजा ने CSR कम्युनिटी एंगेजमेंट प्रोग्राम के तहत ग्राम तरपोंगी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तरपोंगी में विद्यार्थियों के लिए RO वॉटर प्यूरीफायर एवं वॉटर कूलर उपलब्ध कराया।

अब नहीं प्यासा रहेगा कोई बच्चा
गर्मी में स्कूल के सैकड़ों बच्चों को अब शुद्ध, सुरक्षित और ठंडा पेयजल मिलेगा। पहले बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था, अब स्कूल परिसर में ही उन्हें स्वच्छ पानी की सुविधा मिलेगी। इस पहल से बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पढ़ाई के बेहतर वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा।विद्यालय परिवार ने इस पहल की दिल से सराहना की। प्राचार्य और शिक्षकों ने कहा कि टोल प्लाजा प्रबंधन का यह कदम बच्चों के भविष्य में एक सकारात्मक निवेश है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर तरपोंगी टोल प्लाजा के प्लाजा मैनेजर बिनायक ढाल, प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, सेफ्टी मैनेजर श्री निखिल पांडा, असिस्टेंट मैनेजर अवनीश चौहान सहित टोल प्लाजा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्लाजा मैनेजर बिनायक ढाल ने कहा कि NHIT का उद्देश्य सिर्फ सड़क बनाना नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और समाज के विकास में भागीदार बनना है। बच्चों की सुविधा के लिए यह छोटा सा प्रयास है, आगे भी ऐसे कार्य जारी रहेंगे।