बरेली में भाजपा की सियासी खींचतान उजागर! एसडीएम कार्यालय के उद्घाटन में सांसद दर्शन सिंह चौधरी को मंच पर नहीं मिली जगह, बैनर से भी तस्वीर गायब
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी में सब कुछ ठीक होने के दावों के बीच रायसेन जिले के बरेली से सामने आई एक तस्वीर ने पार्टी के अंदरूनी समन्वय और राजनीतिक तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौका था उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के बरेली में एसडीएम कार्यालय के उद्घाटन समारोह का। कार्यक्रम में नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी मौजूद थे, लेकिन उन्हें मंच पर जगह नहीं मिली। सांसद को मंच के बजाय नीचे कुर्सी पर बैठना पड़ा। दूसरी ओर स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम से रवाना हो गए। इतना ही नहीं, कार्यक्रम के बैनर से भी सांसद की तस्वीर नदारद रही।

इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जिस क्षेत्र में सांसद प्रतिनिधित्व करते हैं, उसी क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय के उद्घाटन समारोह में उन्हें मंच पर स्थान क्यों नहीं दिया गया? क्या आयोजकों के लिए सांसद का पद और गरिमा मायने नहीं रखती थी? या फिर यह महज प्रशासनिक अव्यवस्था थी, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए?
सांसद मौजूद, लेकिन मंच पर जगह नहीं! किसकी थी जिम्मेदारी?
किसी सरकारी कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और उनकी बैठक व्यवस्था केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रोटोकॉल और सम्मान से भी जुड़ी होती है। ऐसे में सांसद की मौजूदगी के बावजूद उन्हें मंच पर स्थान नहीं मिलना आयोजन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। क्या अधिकारियों ने प्रोटोकॉल का पालन किया? यदि नहीं, तो इसके लिए जवाबदेही किसकी है?

बैनर से तस्वीर गायब, सियासी संदेश या महज चूक?
कार्यक्रम के बैनर से सांसद की तस्वीर गायब होना इस पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला रहा है। मंच पर जगह नहीं और बैनर पर तस्वीर भी नहीं! इन दोनों बातों को एक साथ देखने पर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि इस घटनाक्रम के पीछे किसी राजनीतिक विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर एक ही पार्टी के जनप्रतिनिधियों के बीच ऐसा असहज दृश्य क्यों सामने आया?
गुटबाजी पर नसीहत के बाद भी नहीं बदली तस्वीर?
गौरतलब है कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव पार्टी नेताओं को आपसी गुटबाजी से दूर रहने और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की नसीहत दे चुके हैं। इसके बावजूद बरेली के उद्घाटन समारोह की तस्वीर ने एक बार फिर पार्टी के भीतर आपसी तालमेल को लेकर बहस छेड़ दी है।

राजनीति में मंच की कुर्सी भले ही छोटी बात लगे, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रमों में किसे मंच पर जगह मिलती है और किसे नहीं, इसके राजनीतिक मायने निकाले जाते हैं। खासकर तब, जब मामला एक ही पार्टी के सांसद और मंत्री से जुड़ा हो।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बरेली के इस आयोजन में सांसद की अनदेखी प्रशासनिक चूक थी या राजनीतिक असहजता का संकेत? क्या पार्टी नेतृत्व इस घटनाक्रम को गंभीरता से लेगा? फिलहाल एसडीएम कार्यालय का उद्घाटन कम और सांसद को मंच पर जगह नहीं मिलने का मामला ज्यादा सुर्खियों में है।