पिता का इकलौता बेटा था अजय
कढ़ैया कुशवाहा ढाबे के पास हुआ भीषण हादसा, डंपर में फंसा युवक
सड़क निर्माण कंपनी के वाहनों की तेज रफ्तार पर उठे सवाल
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
रायसेन जिले के भोपाल–सागर मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। गैरतगंज के कढ़ैया कुशवाहा ढाबे के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक्टिवा सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक और उसकी स्कूटी डंपर में फंस गए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, डंपर क्रमांक MP04 GB 827 गैरतगंज से गढ़ी की ओर जा रहा था, जबकि एक्टिवा सवार युवक बेगमगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान कढ़ैया कुशवाहा ढाबे के पास डंपर ने एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक डंपर में फंस गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी आरपी गोहे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से डंपर में फंसे युवक को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद डंपर में फंसी स्कूटी को भी बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया।

मृतक की पहचान अजय नायक (25), पिता दुर्गा प्रसाद नायक, निवासी वार्ड क्रमांक 2, गंभीरिया, बेगमगंज के रूप में हुई है। मृतक के पिता शिक्षक हैं। अजय अपने पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन गैरतगंज के लिए रवाना हो गए। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कंपनी के डंपर इस मार्ग पर तेज़ रफ्तार से दौड़ते हैं। इससे पहले भी इस सड़क पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कंपनी के भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, चालकों को यातायात नियमों का पालन कराने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन वाहनों की गति पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे।