सुरेंद्र जैन धरसीवां
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने NDPS एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का सांकरा स्थित जायसवाल निको प्लांट में विधिवत् नष्टीकरण किया।
इस कार्रवाई में रायपुर ग्रामीण के विभिन्न थानों से 234 किलोग्राम गांजा,326 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट,12 ग्राम MDMA जप्त कर जायसवाल नेको प्लांट के फर्नेस में डालकर नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई पर्यावरणीय मानकों और वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए की गई, ताकि जनसामान्य की सुरक्षा बनी रहे।

बड़े अफसर रहे मौजूद
यह नष्टीकरण केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दिशा-निर्देशों के अनुसार गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में हुआ।इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र श्रीवास्तव, उपायुक्त आबकारी रायपुर डॉ. प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे।
नशा मुक्त समाज की ओर कदम
रायपुर ग्रामीण पुलिस लगातार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। जब्त माल का समय पर नष्टीकरण इसलिए जरूरी है, ताकि वो दोबारा अवैध बाजार में न पहुंचे। पुलिस का कहना है कि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।