छठ, दुर्गा और गणेश विसर्जन के बाद गंदे हुए तालाबों को चमकाया, पूजा सामग्री हटाकर किया श्रमदान
सुरेंद्र जैन रायपुर
आस्था और श्रद्धा के नाम पर हम तालाबों को तो सजाते हैं, लेकिन पर्व खत्म होते ही उन्हें गंदा छोड़कर चले जाते हैं। पूजा के लिए जल हो, मूर्ति विसर्जन हो या तालाब किनारे बैठकर पूजा-पाठ – हर अनुष्ठान में तालाब ही मुख्य भूमिका निभाता है। लेकिन अनुष्ठान पूरा होते ही तालाब की सुध कोई नहीं लेता। तालाबों की इसी बदहाली को दूर करने के लिए सोमवार को मां बंजारी मंडल के किसान मोर्चा के कार्यकर्ता मैदान में उतर आए।
किसान मोर्चा के सदस्यों ने अपने-अपने नजदीकी तालाबों में पहुंचकर विशेष सफाई अभियान चलाया। छठ पूजा, दुर्गा विसर्जन और गणेश विसर्जन के बाद तालाबों में तैर रही पूजा सामग्री, झिल्ली, फल-फूल, नारियल, चुनरी और अन्य सामग्रियों को बाहर निकालकर तालाबों को साफ किया गया। घंटों चले इस श्रमदान में कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ कचरा हटाया, बल्कि लोगों को तालाबों को साफ रखने का संदेश भी दिया।

तालाब सिर्फ विसर्जन के लिए नहीं, जीवन के लिए हैं
अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि तालाब सिर्फ पूजा-पाठ का माध्यम नहीं, बल्कि गांव-मोहल्ले की जीवनरेखा हैं। इन्हीं से सिंचाई, निस्तारी और भूजल स्तर बना रहता है। अगर हम विसर्जन के बाद इन्हें गंदा छोड़ देंगे, तो आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ जल नहीं मिलेगा। इसलिए पर्व मनाने के साथ-साथ तालाबों की सफाई भी हमारी जिम्मेदारी है।
ये रहे मौजूद
इस सफाई अभियान में मंडल अध्यक्ष व पार्षद वार्ड क्र. 05 बेदराम साहू के नेतृत्व में सह-कार्यालय मंत्री राजू साहू कार्यकारिणी सदस्य संजय साहू कार्यकारिणी सदस्य *मंतराम साहू कार्यकारिणी सदस्य श्रवण साहू, मंत्री अश्वनी जंघेल सहित किसान मोर्चा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आगे से हर बड़े पर्व के बाद तालाबों की सफाई का अभियान इसी तरह चलाया जाएगा, ताकि आस्था के साथ-साथ स्वच्छता भी बनी रहे।