24 घंटे में बरामद हुई 15 लाख की चोरी गई JCB, आरोपी गिरफ्तार; निर्माणाधीन साइट पर हेल्पर बनकर की थी रेकी
रायसेन। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। उमरावगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तरावली से चोरी हुई करीब 15 लाख रुपये कीमत की JCB मशीन को रायसेन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
हेल्पर बनकर की रेकी, मौका मिलते ही चुरा ले गया JCB
पुलिस के अनुसार, भोपाल निवासी मीजान खान ने 16 नवंबर को थाना उमरावगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम तरावली से उनकी JCB मशीन अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जंगल में छिपाकर रखी थी 15 लाख की मशीन
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह निर्माणाधीन साइट पर दूसरी JCB मशीन पर हेल्पर का काम करता था। इसी दौरान उसने चोरी की मशीन की रेकी की और मौका पाकर उसे चुरा लिया। चोरी के बाद आरोपी ने JCB मशीन को बगरोदा पठार के जंगल में छिपा दिया था।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी उमरावगंज उप निरीक्षक वीरेंद्र विश्वकर्मा, सहायक उप निरीक्षक संतोष रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सुनील पठारिया, बलवान सिंह तथा आरक्षक सुनील रघुवंशी और रामबाबू इटावदिया की सराहनीय भूमिका रही।
24 घंटे में चोरी गई लाखों की मशीन की बरामदगी को रायसेन पुलिस की तत्परता और बेहतर पुलिसिंग के रूप में देखा जा रहा है। निर्माणाधीन साइट पर काम करने के दौरान ही मशीन की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का यह मामला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करता है।