साड़ी, चूड़ियों से लेकर मिट्टी के करवे और मेहंदी की दुकानों पर बढ़ी चहल-पहल, कारोबार में तेजी की उम्मीद
सी के पारे रायसेन
करवा चौथ के त्योहार को लेकर रायसेन के बाजारों में रौनक छाने लगी है। 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले करवा चौथ पर्व के मद्देनजर खरीदारी के लिए बाजार में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। साड़ी, चूड़ियों और श्रृंगार सामग्री की दुकानों से लेकर मिट्टी के करवे, नारियल और मेहंदी की दुकानों तक ग्राहकों की चहल-पहल देखने को मिल रही है। त्योहार को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है और वे व्रत की तैयारियों में जुट गई हैं।

साड़ी और चूड़ियों की दुकानों पर बढ़ी भीड़
करवा चौथ पर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार को विशेष महत्व देती हैं। यही वजह है कि बाजार में साड़ियों, चूड़ियों और अन्य श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दे रही है। वहीं, पूजा में उपयोग होने वाले मिट्टी के करवे, नारियल और मेहंदी की भी खरीदारी की जा रही है। दुकानदारों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी।
त्योहारी सीजन से कारोबार में तेजी की उम्मीद
करवा चौथ के चलते व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक दिखाई दे रही है। दुकानदारों के अनुसार, त्योहार के मद्देनजर कारोबार अच्छा चल रहा है और आने वाले चार दिनों में खरीदारी में और तेजी आने की संभावना है। हालांकि, कुछ वस्तुओं की कीमतों पर महंगाई का असर भी देखने को मिल रहा है, इसके बावजूद महिलाएं त्योहार की तैयारियों के लिए जरूरी सामान की खरीदारी कर रही हैं। कुल मिलाकर करवा चौथ ने रायसेन के बाजारों में त्योहारी उत्साह बढ़ा दिया है।