नवरात्रि के बाद भी दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु
दो भाइयों ने कई दिनों की मेहनत से बनाया पहाड़, प्रतिमा और आकर्षक सजावट बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
शारदीय नवरात्रि का पर्व भले ही संपन्न हो गया हो, लेकिन क्षेत्र में माता रानी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था अब भी देखने को मिल रही है। सांची विकासखंड के ग्राम दीवानगंज में पुराने गुरुद्वारा मंदिर परिसर में हाथों से तैयार किए गए पहाड़ पर विराजमान मां वैष्णो देवी की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नवरात्रि बीतने के बाद भी भक्तजन माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
गांव के अंशु नायक और कृष्णा नायक ने कई दिनों की मेहनत और लगन से अपने हाथों से मां वैष्णो देवी की भव्य प्रतिमा तैयार की थी। प्रतिमा तैयार होने के बाद उसे एक ऑटो में विराजित कर पूरे गांव के प्रमुख मार्गों से भ्रमण कराया गया। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। गांव भ्रमण के बाद प्रतिमा को खेड़ापति हनुमान माता मंदिर ले जाया गया। इसके बाद पुराने गुरुद्वारा मंदिर परिसर में हाथों से तैयार किए गए पहाड़ पर विधिवत स्थापित किया गया।

नवरात्रि के बाद भी जारी है दर्शन का सिलसिला
मां वैष्णो देवी की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। हाथों से तैयार किए गए पहाड़ की सजावट भी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। यही वजह है कि शारदीय नवरात्रि समाप्त होने के बाद भी भक्तजन यहां पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमा और पहाड़ को देखने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।
क्षेत्र में अब भी दिखाई दे रही भक्ति की रौनक
नवरात्रि संपन्न होने के बाद भी दीवानगंज सहित आसपास के गांवों में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। अंबाड़ी, सेमरा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, बालमपुर, देहरी, छोला, बनखेड़ी और नरखेड़ा सहित कई गांवों में कन्या भोज और भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। कहीं श्रद्धालु कन्याओं को भोजन कराकर पुण्य लाभ ले रहे हैं, तो कहीं माता रानी के भक्तों के लिए भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में अब भी धार्मिक माहौल बना हुआ है और मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।